किशनगढ़बास पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में एक आदतन वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी ने किशनगढ़बास और खैरथल क्षेत्र में बाइक चोरी की करीब एक दर्जन वारदातें कबूल की हैं। इस मामले में एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। यह कार्रवाई जयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। खैरथल-तिजारा के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार चौधरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और वृत्ताधिकारी किशनगढ़बास लालसिंह यादव के सुपरविजन में, थाना अधिकारी बनवारी लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस घटना का खुलासा किया। यह मामला 15 जनवरी 2026 को किशनगढ़बास कस्बे से मुकेश सोनी की बाइक चोरी होने से संबंधित है। अज्ञात चोरों ने बाइक चुरा ली थी, जिसके बाद किशनगढ़बास पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी सहायता से संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। 20 जनवरी 2026 को नाकाबंदी के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी भींमसिंह और एक बाल अपचारी को पकड़ा गया। उनके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद की गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार/निरुद्ध कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीमसिंह पुत्र अजीतसिंह (20 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 06, भिंडूसी, थाना जैरोली के रूप में हुई है। उससे गहन पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भीमसिंह मोटरसाइकिल चोरी का आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। थाना जैरोली से उसका सजायाबी रिकॉर्ड भी प्राप्त किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में किशनगढ़बास थाना प्रभारी बनवारी लाल, सहायक उप निरीक्षक शिवदयाल, हेड कॉन्स्टेबल बितेश, कॉन्स्टेबल नीरज और कॉन्स्टेबल प्रदीप शामिल थे।


