रांची शहरी क्षेत्र में अप्रैल माह तक 3.70 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक करीब 3.40 लाख लग चुके हैं। बिजली विभाग का दावा है कि अब सिर्फ 30-35 हजार उपभोक्ताओं के घर में स्मार्ट मीटर लगने हैं। लेकिन, स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल को लेकर उपभोक्ताओं की लंबी शिकायतें हैं। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि 200 रुपए के नीचे बैलेंस होने पर उनकी बिजली काट दी जा रही है। राशि जमा करने के बाद भी उनका कनेक्शन शुरू करने में समय लग रहा है। वहीं कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उनका बिल बहुत ज्यादा भेजा जा रहा है। उपभोक्ताओं की इन्हीं शिकायतों को लेकर जेबीवीएनएल के रांची सर्किल अधीक्षण अभियंता डीएन साहू से भास्कर ने बातचीत की। यूजर्स की समस्याओं पर बोले अधीक्षण अभियंता शिकायत है कि बिजली बिल सही नहीं आ रहा है ? -कुछ तकनीकी गड़बड़ी या स्मार्ट मीटर के एकाउंट नंबर में इंट्री में इधर-उधर होने के कारण यह समस्या हुई है। कुछ मामलों में जैसे जहां नए कनेक्शन के तहत स्मार्ट मीटर लगा है और उनके पुराने मीटर के बकाया बिल को अपटुडेट करने में तकनीकी समस्या हुई है। जीरो बैलेंस पर स्वत: बिजली कट जाती है व भुगतान करने में बाद भी जल्दी चालू नहीं की जाती? – जो उपभोक्ता नियमित रूप से अपना बिजली बिल जमा करते हैं, उनका बैलेंस जीरो होने पर भी तुरंत बिजली नहीं काटी जाती है। वैसे बकाएदार जो कई महीनों से अपने बकाया का भुगतान नहीं करते हैं, उनका कनेक्शन काटा जा रहा है। लंबे समय से बिल नहीं देनेवाले बड़े बकाएदारों की बिजली जल्द चालू नहीं होती है। जैसे किसी का बकाया 20- 30 हजार है, वह 2000 या पांच हजार किस्त के रूप में जमा कर रहे हैं, उनकी बिजली चालू में देरी हो रही है। सर्वर में लोड बढ़ने से भी बिजली चालू होने में देरी हो रही है। कब से जीरो बैलेंस वाले सारे उपभोक्ताओं की भी कटेगी बिजली ? -देखिए जो लोग बिजली कंज्यूमर कर रहे हैं व पुराने सिस्टम के तहत बिजली जमा करते थे, वे समय पर भुगतान की आदत डालें। जैसे ही मीटर लग जाएंगे और सॉफ्टेवयर अपनी क्षमता के अनुसार काम करना शुरू कर देगा, स्वत: कटना और चालू होना शुरू हो जाएगा। उसे निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभी विभाग बड़े व लंबे बकाएदारों पर फोकस कर रहा है। कितने प्री-पेड मोड मेंं जा चुके हैं और उन्हें कैसे सूचना दी जा रही है? -जो मीटर लग चुके हैं, उसमें अधिकांश प्री-मोड में जा चुके हैं। उन्हें मैसेज भेजकर बकाया और बिजली खपत की सूचनाएं दी जा रही हैं। जो अब तक अपटुडेट नहीं कराए हैं, वे 94311-35503 पर Hi लिख कर संपर्क कर सकते हैं।


