टेक महिंद्रा ने झारखंड में एआई और डेटा सेंटर में निवेश का दिया प्रस्ताव

स्विट्जरलैंड के दावोस में मंगलवार को आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्लूईएफ) की वार्षिक बैठक में शामिल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि हरित ऊर्जा और निवेश के नए अवसरों के साथ विकसित भारत और समृद्ध झारखंड के लक्ष्य को नई गति मिलेगी। दावोस में वैश्विक नेताओं, देशों और कंपनियों के साथ हुई सार्थक चर्चा राज्य के विकास और निवेश प्रयासों को मजबूत आधार प्रदान करेंगी। इंडिया पैवेलियन के उद्घाटन समारोह में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड पहली बार इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। हरित ऊर्जा, स्वच्छ तकनीक और टिकाऊ औद्योगिक विकास के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत 2047 और समृद्ध झारखंड 2050 के लक्ष्य को दोहराते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि वैश्विक मंच से मिली सहभागिता राज्य को निवेश के नए अवसरों की ओर ले जाएगी। कार्यक्रम में टेक महिंद्रा एएमईए डिवीजन के हेड एंड प्रेसिडेंट शाहिल धवन ने सीएम हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना मुर्मू और झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल को टेक महिंद्रा लाउंज में आमंत्रित किया। कंपनी ने झारखंड में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा सेंटर और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निवेश का प्रस्ताव रखा। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि झारखंड ऊर्जा-सरप्लस राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। डब्लूईएफ में हेमंत को मिला व्हाइट बैज सम्मान मुख्यमंत्री ने डब्लूईएफ में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कराई है। वे भारत से पहले आदिवासी निर्वाचित नेता बने हैं, जिन्हें फोरम की वार्षिक बैठक में व्हाइट बैज सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान विश्व स्तर पर चयनित राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को दिया जाता है। फोरम के वरिष्ठ प्रतिनिधि शैलेश और अनूप ने बताया कि झारखंड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम रुचि रखता है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा फोरम अध्यक्ष को भेजे गए औपचारिक पत्र की सराहना करते हुए इसे झारखंड की स्पष्ट विकास-दृष्टि और वैश्विक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक बताया। बैठक के दौरान क्रिटिकल मिनरल्स, समावेशी समाज व जलवायु कार्रवाई और ऊर्जा संक्रमण जैसे तीन प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। सीएम ने ब्लूमबर्ग की एमडी से अगले 24 साल के डेवलपमेंट विजन की रुपरेखा साझा की मुख्यमंत्री ने ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन के साथ संवाद किया। उन्होंने झारखंड की प्राथमिकताओं, निवेश संभावनाओं और अगले 25 वर्षों के दीर्घकालिक विकास विजन की रूपरेखा साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा झारखंड पहली बार दावोस जैसे वैश्विक मंच पर अपने सामर्थ्य और संभावनाओं के साथ उपस्थित हुआ है। झारखंड अब केवल खनिज आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रीन इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा, मानव संसाधन विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि के क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है। ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक ने अक्टूबर में भारत में आयोजित होने वाले ग्लोबल स्पेशल राउंड टेबल में मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया है। इस कार्यक्रम में फॉर्च्यून 500 कंपनियों के प्रमुख, वैश्विक उद्योग नेता और नीति-निर्माता भाग लेंगे। मुख्यमंत्री ने इसे वैश्विक मंचों पर झारखंड की विकास यात्रा प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *