भास्कर न्यूज | बगोदर सरस्वती पूजा एवं अन्य सामाजिक-धार्मिक पर्वों को शांति, सौहार्द्र और कानून के दायरे में मनाने की अपील करते हुए बगोदर थाना प्रभारी बिनय कुमार यादव ने मंगलवार को घाघरा साइंस कॉलेज, बगोदर में इंटर एवं डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरस्वती पूजा विद्या और संस्कारों की देवी की आराधना का पर्व है, जिसमें डीजे, शराब या किसी भी प्रकार की अनुशासनहीन गतिविधियों की कोई जगह नहीं है। थाना प्रभारी ने छात्रों को यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराध से बचाव, अपराधियों और नशे से दूर रहने, सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। मौके पर कॉलेज सचिव अशोक कुमार यादव, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य सुधीर खवास, इंटर कॉलेज के प्राचार्य विजय कुमार मिश्रा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे। थाना प्रभारी ने पुलिस और युवाओं के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि अभिभावक कड़ी मेहनत से बच्चों को शिक्षित कर रहे हैं, इसलिए छात्रों का कर्तव्य है कि वे पढ़ाई, करियर और नैतिक मूल्यों पर पूरा ध्यान केंद्रित करें।


