सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर बैमा खपराखोल के ग्रामीणों ने जनदर्शन में दोबारा ज्ञापन देकर केंद्रीय जेल के निर्माण से खेत और गांव का रास्ता बंद होने के मामले में ज्ञापन दिया। इसके पूर्व इस मामले में किसान पहले भी कलेक्टर से मुलाकात कर उन्हें इस समस्या से अवगत करा चुके हैं। किसानों ने कलेक्टर को बताया कि बैमा में केंद्रीय जेल के निर्माण से इस जगह की 50 एकड़ खेती के अलावा पूरे गांव का रास्ता बंद हो जाएगा। एक तरह से गांव के लोग आम रास्ता से कट जाएंगे। किसानों का कहना है कि अफसरों ने पहले रास्ता देने का भरोसा दिया था लेकिन अब वे मुकर रहे हैं। बैमा गांव में केंद्रीय जेल के निर्माण के लिए तकरीबन 20 मीटर बाउंड्रीवॉल उठ चुकी है। किसानों ने इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी अपनी समस्या भेजी है जिससे कि कोई समाधान निकाला जा सके। इधर किसानों ने कहा है कि कलेक्टर ने जांच कराने की बात कही है। किसानों ने कहा कि बाउंड्रीवॉल के निर्माण का काम पूरा हो जाने के बाद किसानों के खेतों तक आने जाने का पुराना व सार्वजनिक रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा। पिछले कई वर्षों से यह रास्ता उपयोग में लाया जा रहा है। रास्ता बंद होने से खेती- बाड़ी, फसल परिवहन, खाद-बीज और कृषि उपकरणों के आवागमन में बेहद कठिनाई हो रही है। इससे किसानों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।


