भीलवाड़ा में फ्रिज से भरे कंटेनर में लगी आग:जेसीबी से बॉडी को तोड़ा, चार फायर ब्रिगेड ने एक घंटे पाया काबू

भीलवाड़ा शहर के राम विहार इलाके में मंगलवार रात इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। कंटेनर में बड़ी संख्या में फ्रिज लदे हुए थे, जिनमें मौजूद गैस सिलेंडर के फटने की आशंका के चलते स्थिति बेहद गंभीर हो गई। संभावित बड़े हादसे को टालने के लिए कंटेनर को तत्काल आबादी क्षेत्र से करीब आधा किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन बनी हादसे की वजह मामला सुभाष नगर थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया कि राम विहार इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम पर कंटेनर सामान खाली करने पहुंचा था। इसी दौरान कंटेनर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टच हो गया, जिससे उसमें अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन पैक बॉडी बनी चुनौती आग लगने की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन कंटेनर पूरी तरह पैक होने के कारण पानी अंदर तक नहीं पहुंच सका, जिससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। कुछ ही देर में आग और ज्यादा भड़क गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सुरक्षा के चलते ट्रैफिक रोका, कंटेनर हटाया गया फ्रिज में भरी गैस के फटने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेलर को घटना स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करवाया। इसके साथ ही आसपास के रास्तों पर आवाजाही भी रोक दी गई, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। जेसीबी बुलवाकर कंटेनर की बॉडी तोड़ी आग बुझाने में आ रही परेशानी को देखते हुए मौके पर जेसीबी मशीन मंगवाई गई। जेसीबी की मदद से कंटेनर की बॉडी को कई जगह से तोड़ा गया, ताकि अंदर तक पानी पहुंच सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। एक से डेढ़ घंटे तक जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब डेढ़ घंटे तक कंटेनर और फ्रिज में रह-रहकर आग भड़कती रही। चारों तरफ धुएं का घना गुबार छाया रहा और आग की लपटें दूर से दिखाई देती रहीं। आग के फैलने की आशंका के चलते आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कंटेनर में लदे सभी फ्रिज जलकर खाक हो गए। आग से हुए नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो पाया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली लाइन से संपर्क बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *