चिकलाना एमडी ड्रग्स फैक्टरी भंडाफोड़ के बाद से ही रोज नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपी दिलावर पठान के अवैध साम्राज्य में सहयोगी रहे उसके रिश्तेदारों पर भी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को कालूखेड़ा थाने में दिलावर पर पांचवीं एफआईआर दर्ज हुई। इसके साथ ही उसकी एक और रिश्तेदार इंशा को पुलिस ने ड्रग्स तस्करी नेटवर्क में सहयोग के चलते गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। वह केस की 17वीं आरोपी है। ढाई महीने पहले ही थाना प्रभारी बने मोहनसिंह मौर्य को एसपी ने लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह टीआई शंकरसिंह चौहान ने चार्ज लिया है। अन्य बड़े अफसर भी कार्रवाई की रडार पर हैं। पुलिस ने 16 जनवरी को चिकलाना में दिलावर के घर दबिश देकर वहां से 10 किलो 930 ग्राम एमडी व 300 लीटर लिक्विड सहित ड्रग्स बनाने के उपकरण जब्त किए थे। तब 16 आरोपी गिरफ्तार किए। इनमें से 11 रिमांड पर हैं। कुछ रसूखदारों के नाम भी सामने आए हैं जो दिलावर के घर आते-जाते थे। हालांकि दिलावर व उसके रिश्तेदार ड्रग्स बनाने के लिए कच्ची सामग्री कहां से लाते थे और कहां तक इनकी सप्लाई थी, इसे लेकर पुलिस ने अब तक कोई ठोस खुलासा नहीं किया है। वहीं सूत्रों के अनुसार इस नेटवर्क का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन भी सामने आ रहा है। डीआईजी चिकलाना पहुंचे
डीआईजी निमिष अग्रवाल मंगलवार को चिकलाना पहुंचे। मीडिया से चर्चा में डीआईजी अग्रवाल ने कहा कि प्रतापगढ़ जिले के कुछ ठिकानों और रतलाम, मंदसौर, नीमच में जहां भी ड्रग्स का नेटवर्क सक्रिय है, उसे खत्म करेंगे। लोकल पुलिस की जिम्मेदारी तय होगी। चिकलाना ड्रग्स फैक्टरी मामले में फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी तेज कर दी है। कुछ बड़े नाम सामने आए हैं, उनकी भी भूमिका जांच रहे हैं। सख्त कार्रवाई होगी। आगर में एमडी ड्रग्स का जहर, 33 लाख रुपए की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार जिले में लगातार सामने आ रहे एमडी ड्रग्स के बड़े मामलों ने आगर को उड़ता आगर की संज्ञा दे दी है। करोड़ों की नशीली सामग्री की बरामदगी के बाद अब कोतवाली पुलिस ने 33 लाख रुपए की 330 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फैजान पठान नामक युवक आगर सुसनेर रोड पर एमडी ड्रग्स लेकर आगर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और उसे दबोच लिया गया।


