भास्कर न्यूज | कोडरमा झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेले जा रहे इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत मंगलवार को चंदवारा पुलिस लाइन मैदान में पश्चिमी सिंहभूम और रामगढ़ के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम ने रामगढ़ को एक विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए रामगढ़ की टीम ने 46.3 ओवर में 224 रन बनाए। रामगढ़ की ओर से विराट ने 58 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि पीयूष ने 31 और शशांक ने 28 रन का योगदान दिया। पश्चिमी सिंहभूम की ओर से गेंदबाजी में सोहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं चंदन को 2 विकेट मिले, जबकि कृष्णा और ओमप्रकाश ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने 44.1 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से सोहन ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 45 रन बनाए। शिवम ने 29, नीतीश ने 28 और जीशान ने 27 रन का योगदान दिया। रामगढ़ की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रथम ने 4 विकेट लिए, जबकि आयुष को 2 विकेट मिले। इसके अलावा मृत्युंजय, शशांक और कुमार अंसराज ने एक-एक विकेट चटकाया। बेहतर खेल के लिए पश्चिमी सिंहभूम के सोहन मैती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार कोडरमा जिला पुलिस लाइन के मेजर विधान चंद्र शर्मा के हाथों प्रदान किया गया। मौके पर टीआरडीओ विनोद खुल्लर, अंपायर हेमंत ठाकुर और शशि रंजन झा, स्कोरर गजेंद्र प्रसाद, केडीसीए सचिव दिनेश सिंह, मनोज सहाय, पिंकू, उमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।


