रायपुर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी (65) के अवैध मकान को ध्वस्त करने के लिए नगर निगम ने बुलडोजर की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में रायपुर की मेयर मीनल चौबे के निर्देश पर पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक आरोपी का मकान नगर निगम के नियमों के खिलाफ बनाया गया था। 16 जनवरी को मकान पर नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें तय समय के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए थे। तय अवधि में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद अब तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। अवैध निर्माण के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। क्या है पूरा मामला अब्दुल अंसारी नाबालिग बच्ची से रेप का आरोपी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 7 से 11 जनवरी के बीच अपने ही मोहल्ले की 9 साल की बच्ची को चॉकलेट और खाने-पीने की चीजों का लालच देकर कई बार अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। 12 जनवरी की सुबह बच्ची दर्द के कारण रोती हुई जमीन पर लेटी थी। चाची जब उसे नहलाने ले गई और दर्द की वजह पूछी, तब बच्ची ने पूरी घटना बता दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। बच्ची ने बयान में बताया कि आरोपी गलत काम करने के बाद किसी को बताने पर मारने की धमकी देता था, जिस वजह से वह डर के कारण चुप रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी का वीडियो भी सामने आया है। क्या कहते हैं NCRB के आंकड़े NCRB के आंकड़े बताते हैं कि पिछले 5 साल में छत्तीसगढ़ में बच्चियों से रेप के मामले डेढ़ गुना बढ़े हैं। इस कैलकुलेशन को और सिंपलीफाई किया जाए तो पिछले 5 साल में बच्चियों से रेप का प्रतिशत 50 प्रतिशत तक बढ़ गया है।


