क्रिकेटर रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह भाई के बचाव में उतर आई हैं। भगवान की AI वीडियो को लेकर उठे विवाद को लेकर नेहा ने माफी मांगी। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद क्रिकेटर रिंकू सिंह ने वीडियो को सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया है। नेहा ने फेसबुक पर लिखा- कुछ दिन पहले मोदी जी ने हनुमान जी को पतंग बनाकर उड़ाया था, तब किसी के मुंह से कुछ नहीं निकला। उन्होंने ऐसे लोगों को अंधभक्त करार दिया। इस पर करणी सेना ने एक बार फिर कड़ा एतराज जताया। कानूनी कार्रवाई की खुली चेतावनी दी। अब जानिए रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह ने क्या लिखा? ‘नेहा सिंह ने मंगलवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक फोटो शेयर की। इस फोटो में रिंकू सिंह के विवादित वीडियो से जुड़े स्क्रीनशॉट लगाए गए हैं, जिनमें चश्मा लगाए भगवान हनुमान, शिव, विष्णु और गणेश एक थार गाड़ी में बैठे दिखाई दे रहे हैं। वहीं बीच में रिंकू सिंह की तस्वीर है, जबकि दोनों तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भगवान हनुमान की तस्वीर वाली पतंग उड़ाते हुए फोटो लगाई गई है। इस पोस्ट के साथ नेहा सिंह ने लिखा- अगर रिंकू भैया और मुझसे कोई गलती हुई है तो मैं माफी मांगती हूं, लेकिन कुछ दिन पहले मोदी जी ने हनुमान जी को पतंग बनाकर उड़ाया था, तब इनके मुंह से एक बोल नहीं निकला। इसी तस्वीर को लेकर करणी सेना ने रिंकू सिंह के खिलाफ एफआईआर कर दी। क्योंकि ये अंधभक्त हैं। करणी सेना बोली- सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिससे सनातन धर्म या हिंदू समाज की भावनाएं आहत हों। रिंकू सिंह की बहन ने माफी मांगने के बहाने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी की और करोड़ों देशवासियों को ‘अंधभक्त’ कहा, वह बेहद निंदनीय है। रिंकू सिंह पहले भी देवी-देवताओं को चश्मा लगाए गाड़ी चलाते हुए दर्शाने वाले वीडियो पोस्ट कर चुके हैं। अब उनके परिजनों के बयानों से भी उनकी सनातन विरोधी मानसिकता उजागर हो गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा- यदि संबंधित पोस्ट तुरंत डिलीट नहीं की गई और देश के सवा सौ करोड़ भारतीयों व हिंदू समाज से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई, तो संगठन धार्मिक भावनाएं भड़काने और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराएगा। नेहा सिंह बोलीं- ब्लू टिक वाला फेक अकाउंट
रिंकू सिंह की पोस्ट के बाद उनकी बहन नेहा सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा- किसी ने मेरी फर्जी आईडी बना रखी है। ब्लू टिक वाली आईडी पूरी तरह फेक है और उससे किया गया कोई भी पोस्ट मेरा नहीं है। मैं केवल अपनी बिना ब्लू टिक वाली आईडी से ही पोस्ट शेयर करती हूं और उसी अकाउंट पर परिवार से जुड़ी बातें साझा करती हूं। अब जानिए मामला… रिंकू सिंह ने भगवान का AI वाला वीडियो शेयर किया था
रिंकू सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक ऐसा वीडियो शेयर किया था। इसमें भगवान को AI अवतार में दिखाया गया था। वीडियो में रिंकू क्रिकेट के मैदान पर शॉट लगाते दिख रहे हैं। कैप्शन लिखा है- तुम्हें क्रिकेटर किसने बनाया। अगली फुटेज में थार कार में बैठे भगवान शिव, हनुमान, विष्णु और गणेश दिखाई देते हैं। सभी काला चश्मा लगा रखा है। बजरंगबली कार चला रहे हैं। बैकग्राउंड में अंग्रेजी गाने बज रहे हैं। सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस खबर के बाद सोशल मीडिया दो गुटों में बंट गया है। एक तरफ लोग क्रिकेटर और उनके परिवार का समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बड़ी संख्या में लोग धार्मिक आस्था और प्रधानमंत्री की गरिमा के नाम पर करणी सेना के रुख का समर्थन कर रहे हैं। फिलहाल, रिंकू सिंह की ओर से इस नए विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। ————— ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में पति की जीभ काटकर पुलिसवालों से भिड़ी:बोली- REEL बनाने से रोकता था, 6 महीने में 10 बार पीट चुकी हूं मैंने शादी के बाद पति और सास को बता दिया था कि मैं अपनी शर्तों पर ही ससुराल में रहूंगी। मुझसे झगड़ा मोल मत लेना, अगर किसी ने मुझे ‘तू’ भी कहा, तो मैं बर्दाश्त नहीं करूंगी।’ ये कहना है गाजियाबाद की ईशा का, जिस पर पति विपिन की जीभ काटने का आरोप है। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया है। पढ़िए पूरी खबर….


