इंदौर में ठग के खिलाफ दो मामले दर्ज:कार किराए पर ली और बेच दी, प्रॉपर्टी का कब्जा छोड़ने के लिए मांगे 20 लाख

इंदौर में कार किराए पर लेकर बेचने और प्रॉपर्टी से जुड़ी ठगी करने वाले सुदामा नगर निवासी युवक के खिलाफ अन्नपूर्णा पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। आरोपी पर इससे पहले भी जूनी इंदौर, राजेंद्र नगर सहित अन्य थानों में ठगी के कई मामले दर्ज होना सामने आया है। अन्नपूर्णा पुलिस ने न्यू गौरीनगर निवासी रामेन्द्र भदौरिया की शिकायत पर संजय करिरा उर्फ कालरा पुत्र अशोक निवासी सुदामा नगर के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक रामेन्द्र निजी नौकरी करता है और उसने जनवरी 2025 में एक कार खरीदी थी। यह कार उसने 24 हजार रुपए प्रतिमाह किराए पर संजय को दी थी। पुलिस आरोपी संजय करिरा उर्फ कालरा की तलाश में जुटी हुई है और उसके पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है। झूठे केस में फंसाने की धमकी दी आरोपी संजय ने केसरबाग रोड पर ‘इंजीनियरिंग ऑटो डिटेलिंग’ के नाम से काम शुरू किया है। शुरुआती कुछ महीनों तक उसने किराया नकद दिया, लेकिन बाद में किराया देना बंद कर दिया। जब रामेन्द्र ने कार वापस मांगी तो आरोपी ने विवाद करते हुए दो लाख रुपए की मांग की और रकम नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। कार की जानकारी निकालने पर पता चला कि आरोपी ने कार किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी है और जीपीएस ट्रैकिंग डिवाइस भी निकाल दी थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास इस्लाम पटेल निवासी नेमावर रोड सहित अन्य तीन लोगों की कारें भी हैं। अब तक करीब 11 लोगों से इसी तरह की ठगी किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। दुकान मालकिन से 20 लाख की डिमांड अन्नपूर्णा पुलिस ने दूसरे मामले में केसरबाग रोड स्थित एक गैराज की मालकिन राधिका सोलंकी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धमकी और अवैध मांग का प्रकरण दर्ज किया है। राधिका ने बताया कि उन्होंने तीन साल पहले यह गैराज वैभव जोशी को किराए पर दिया था, जिसने उनकी जानकारी के बिना संजय को दुकान सौंप दी। संजय यहां वॉशिंग सेंटर के साथ कार किराए पर देने का काम करता था। हाल ही में उन्हें संजय द्वारा कारों की धोखाधड़ी की शिकायतें मिलने लगीं। बीते एक महीने से दुकान बंद थी और आरोपी केवल बाहर आकर चला जाता था। दुकान खाली कराने पहुंचने पर आरोपी ने अभद्रता करते हुए दुकान अपने नाम कराने या 20 लाख रुपए देने की मांग की। साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों का नाम लेकर धमकाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *