नागौर जिले के श्री बालाजी थाना क्षेत्र के रोहिणी गांव में एक युवक के साथ उसी के परिवार के कुछ लोगों द्वारा हमले का मामला सामने आ रहा है। जहां शराब के नशे में धुत दबंगों ने एक घर में घुसकर न केवल युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की बल्कि बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी के साथ भी अभद्रता करते हुए उसकी लज्जा भंग की कोशिश की । इस घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि पीड़ित महिला थाने के चक्कर काटकर थक चुकी है लेकिन आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मजबूरन पीड़िता अपने घायल पति के साथ जिला पुलिस अधीक्षक की चौखट पर न्याय की गुहार लगाने पहुंची है। घर में घुसकर जानलेवा हमला और महिला से बदसलूकी घटनाक्रम के अनुसार रोहिणी निवासी मुन्नी कंवर राजपूत 17 जनवरी की शाम अपने घर में खाना बना रही थी और उसका पति स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसके जेठ के लड़के विक्रम सिंह, गोविंद सिंह और लालसिंह ने एक राय होकर शराब के नशे में धुत होकर उनके घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने बिना किसी कारण के युवक पर बेरहमी से हमला कर दिया। जब मुन्नी कंवर ने अपने पति को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की और उसके कपड़े फाड़कर उसे अपमानित किया। जाते-जाते आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पति का वर्तमान में नागौर के राजकीय पंडित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल और रसूखदारों को संरक्षण का आरोप पीड़िता का आरोप है कि उसने घटना के तुरंत बाद श्री बालाजी थाने में नामजद रिपोर्ट दी थी, लेकिन थानाधिकारी मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उसे बार-बार चक्कर कटवा रहे हैं। मुन्नी कंवर ने पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमलावर पेशेवर प्रवृत्ति के हैं, जिसके कारण स्थानीय पुलिस उन पर हाथ डालने से कतरा रही है। आरोपियों के खुलेआम घूमने से पीड़ित परिवार अब दहशत के साये में जीने को मजबूर है। चार दिनों तक स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने के कारण अब पीड़िता ने जिला पुलिस कप्तान से मिलकर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।


