जबलपुर के गुलौआ तालाब में मछलियों की मौत:गंदे पानी और बदबू से लोग परेशान; नालों का पानी मिल रहा नाले में

जबलपुर के गुलौआ तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को घरों में रहना और सांस लेना मुश्किल हो गया है। लोग इस स्थिति से काफी परेशान हैं। स्थानीय नागरिक प्रीति दुबे ने बताया कि पिछले एक-दो दिनों से तालाब के पानी से लगातार बदबू आ रही थी। जब लोगों ने तालाब के पास जाकर देखा, तो सतह पर सैकड़ों मरी हुई मछलियां तैरती मिलीं। इसके बाद से पूरे इलाके में दुर्गंध और बढ़ गई है। मछलियों की मौत के संभावित कारणों में तालाब में गंदे नालों का पानी मिलना, रासायनिक अपशिष्ट का जमाव या पानी में ऑक्सीजन की कमी शामिल है। इन कारणों से तालाब का पानी दूषित हो गया है, जिससे जलीय जीवन प्रभावित हुआ है। मॉर्निंग वॉक के लिए आए राम पटेल ने कहा कि तालाब की सफाई और संरक्षण के लिए कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मौजूदा स्थिति को इसी लापरवाही का परिणाम बताया। बदबू से परेशान स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मरी हुई मछलियों को हटाकर तालाब की सफाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *