कोडरमा जिले में गुरुवार को चार घंटे का ब्लैकआउट रहेगा। बिजली विभाग ने 132/133 केवी लाइन के मरम्मत कार्य की समीक्षा के कारण यह घोषणा की है। यह बिजली कटौती दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगी। कार्यपालक अभियंता रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि केटीपीएस से बिशनपुर ग्रिड तक 132/133 केवी लाइन का मरम्मत कार्य पिछले एक महीने से चल रहा था, जो अब पूरा हो चुका है। गुरुवार को डीवीसी (दामोदर वैली कॉर्पोरेशन) इस कार्य की समीक्षा करेगी। हजारीबाग के चलकुस्सा प्रखंड में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी समीक्षा के दौरान यह जांच की जाएगी कि मरम्मत के बाद कहीं कोई जम्पर या तकनीकी गड़बड़ी तो नहीं रह गई है। इन्हीं कारणों से जिले में चार घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बाधित की जाएगी। डीवीसी ने इस संबंध में एक अधिसूचना भी जारी की है। रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि कोडरमा जिले के अलावा हजारीबाग जिले के चलकुस्सा प्रखंड में भी चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने बिजली संबंधित जरूरी कार्यों को दोपहर 12 बजे से पहले ही निपटा लें। उन्होंने असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि केटीपीएस की 500-500 मेगावाट की दो इकाइयों में से एक इकाई का उत्पादन पिछले एक महीने से बंद है। इस कारण जिले के लोग पहले से ही बिजली आपूर्ति की समस्या का सामना कर रहे हैं। ऐसे में चार घंटे के इस ब्लैकआउट से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।


