सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग ने अचानक एक शख्स पर हमला कर दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कुनाल नामक व्यक्ति इछावर में अपनी दुकान के सामने झाड़ू लगा रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा और हमला कर दिया। इस हमले में कुनाल के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। गनीमत रही कि आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उसे बचाया। सीसीटीवी में कैद हुई घटना कुत्ते के हमले की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि व्यक्ति सामान्य रूप से काम कर रहा था, तभी कुत्ता अचानक हमला कर देता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी दोनों देखने को मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि इछावर सहित पूरे जिले में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोग बोले— नहीं हो रही सुनवाई स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं आए दिन हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और नगर परिषद की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। शहर के मुख्य मार्गों, हाईवे, मछली बाजार क्षेत्र और नालों के किनारे बनी सड़कों पर आवारा कुत्तों के झुंड अक्सर देखे जा सकते हैं। इन जगहों पर राहगीरों को खासा डर बना रहता है। कार्रवाई की मांग स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द कोई अभियान चलाकर लोगों को इस खतरे से राहत दिलाई जाए।


