इंदौर रेलवे स्टेशन पर डॉरमेट्री में फिर मिले खटमल:यात्री ने बनाया वीडियो…रेल मंत्री से की शिकायत; पहले भी शिकायत के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था

देश का स्वच्छता में नंबर-1 शहर इंदौर एक बार फिर रेलवे की लापरवाही के कारण सुर्खियों में है। इंदौर रेलवे स्टेशन की डॉरमेट्री में ठहरे एक यात्री के बिस्तर पर खटमल मिले हैं। यात्री ने इसका वीडियो बनाकर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया। हालांकि, यह पहला मामला नहीं है। करीब दो महीने नवंबर में भी पहले भी इसी डॉरमेट्री में खटमलों की शिकायत सामने आ चुकी थी। इसके बावजूद रेलवे ने न तो सबक लिया और न ही व्यवस्थाओं में कोई ठोस सुधार किया। रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को डॉरमेट्री में ठहरे यात्री दीप कुमार ने अपने एक्स हैंडल से वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में खटमल साफ-साफ दिखाई दे रहे हैं। यात्री ने पोस्ट में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए लिखा कि यह देश का सबसे स्वच्छ शहर है, लेकिन रेलवे स्टेशन की डॉरमेट्री में खटमल हैं। पोस्ट सामने आते ही मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सूत्रों के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने आनन-फानन में यात्री से संपर्क किया। हालांकि सवाल यह उठता है कि जब पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी थीं, तब समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के पूर्व सदस्य जगमोहन वर्मा ने कहा कि रेलवे लगातार लापरवाही कर रहा है, जिससे देश की छवि खराब हो रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे जिम्मेदार अधिकारियों या ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *