सिंगरौली में दो बाइक की टक्कर हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बाइक सवार इसकी चपेट में आ गया। वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया, तभी पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिले के जियावन थाना क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-39 पर मंगलवार देर शाम ये सड़क हादसा हुआ। मृतक की पहचान चुरहट के संघ प्रचारक विवेक मिश्रा के रूप में हुई है। ग्राम हार्रा चंदेल निवासी विवेक के पिता शिवनाथ मिश्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देवसर के खंड कार्यवाह हैं। 4 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम… दो बाइक की टक्कर की चपेट में आया बाइक सवार
जियावन थाना प्रभारी रोशनी कुर्मी ने बताया कि हादसा मंगलवार शाम करीब 7-8 बजे के बीच खोभा पेट्रोल पंप के सामने हुआ। विवेक मिश्रा (22) अपनी बाइक से जा रहा था, तभी दो बाइक की टक्कर हो गई। इस वजह से विवेक मिश्रा की बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क पर गिरे विवेक और उसकी बाइक को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे के फौरन बाद विवेक मिश्रा को जियावन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बैढ़न ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। बाद में बनारस भी रेफर किया। हालांकि, रेफर किए जाने के दौरान ही विवेक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है। विवेक आरएसएस का प्रचारक था। फोरलेन पर लोगों का कब्जा, इसलिए हादसे हो रहे
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वह एनएच-39 का फोरलेन हिस्सा है। हालांकि, एक लेन पर ग्रामीणों ने भूसा, उपले और अन्य सामान रखकर कब्जा कर रखा है। इस वजह से सड़क फोरलेन की बजाय टू लेन जैसी हो गई है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। ये खबर भी पढ़ें…
अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत दतिया जिले के पण्डोखर थाना क्षेत्र के सोहन गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। गांव के स्कूल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर…


