आगर मालवा जिले में फर्जी नौकरी और ट्रेनिंग के नाम पर 400 से अधिक युवक-युवतियों से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने साजिद और वाजिद नाम के दो भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में पीड़ित एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। नौकरी दिलाने का दिया झांसा पीड़ितों ने बताया कि करीब एक साल पहले उन्हें मोबाइल पर लघु उद्योग विकास परिषद के नाम से ग्राम पंचायतों में नौकरी दिलाने के संदेश मिले थे। दिए गए नंबरों पर संपर्क करने पर युवाओं को आगर के छावनी झंडा चौक स्थित एक कार्यालय में बुलाया गया। वहां उन्हें सरकारी और अर्धसरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया। प्रति युवक हजारों रुपए लिए नौकरी दिलाने के नाम पर प्रत्येक युवक-युवती से 6,500 रुपए लिए गए। जब नौकरी नहीं मिली तो ट्रेनिंग का बहाना बनाकर युवाओं को भोपाल ले जाया गया। वहां ट्रेनिंग के नाम पर प्रति व्यक्ति 1,500 रुपए और वसूले गए। बहाने बनाकर लगातार वसूली की पीड़ितों का कहना है कि ट्रेनिंग के बाद भी नौकरी नहीं दी गई। इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर उनसे और पैसे मांगे जाते रहे। युवाओं ने अपनी आर्थिक हालत के अनुसार रकम दी, जिससे कुल ठगी की राशि लाखों रुपए तक पहुंच गई। जिलेभर के 400 से अधिक युवक-युवतियां इस ठगी का शिकार हुए हैं। पैसे मांगे तो दी धमकी जब लंबे समय बाद पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो साजिद, वाजिद और उनके कथित साथी खुशबू, जगदीश और अली ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इससे पीड़ित डर गए और पुलिस के पास जाने को मजबूर हुए। एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत बुधवार को बड़ी संख्या में युवक-युवतियां एसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ठगी की गई रकम वापस दिलाने की मांग की। पहले भी लग चुके हैं आरोप पीड़ितों ने बताया कि आरोपियों पर पहले भी कंप्यूटर डिप्लोमा दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोप लग चुके हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


