करोंद चौराहे से भगत सिंह की प्रतिमा हटाने पर बवाल:मेट्रो कंपनी पर साजिश का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

भोपाल के करोंद चौराहे से अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा हटाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भगत सिंह प्रेमियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा को पुनः उसी स्थान पर स्थापित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 26 जनवरी 2026 तक प्रतिमा स्थापित नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मेट्रो कंपनी ने इसे हादसा बताकर साजिश के तहत प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया और बाद में करोंद चौराहे से हटाकर गायब कर दिया। बताया गया कि इससे पहले सूचना मिली थी कि अप्रैल 2025 में प्रतिमा को करोंद चौराहे पर ही दूसरे स्थान पर स्थापित किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन तय समय में ऐसा नहीं किया गया। भगत सिंह प्रेमियों का कहना है कि जिस वाहन से प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया, उस वाहन और चालक पर कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका आरोप है कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित कृत्य है, जिससे जनभावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी तक प्रतिमा को उसी स्थान पर पुनः स्थापित नहीं किया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। फिलहाल नगर निगम और प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *