उदयपुर में सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के इंडोर स्टेडियम में चल रही राणा सांगा जूनियर यूथ बॉयज एंड गर्ल्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में विभिन्न भार वर्ग में रोमांचक मुकाबले हुए। मैच के दौरान कोच और साथी खिलाड़ी रिंग में उतरे मुक्केबाजों का हौसला अफजाई करते दिखे। प्रारंभिक नॉक आउट मुकाबलों में पुरुष वर्ग में हरियाणा और महिला वर्ग में असम के मुक्केबाजों का दबदबा देखने को मिला। राजस्थान बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि चैंपियनशिप में विभिन्न स्टेट के करीब 500 से ज्यादा खिलाड़ी, कोच, मैनेजर और अन्य स्टाफ भाग ले रहे हैं। इनमें राजस्थान सहित हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, गुजरात, गोवा, बिहार, झारखंड, असम और मणिपुर आदि टीमें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यहां से चयनित भारतीय टीम इंडोनेशिया के जर्काता में एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेगी। जो मार्च में आयोजित होगी। ये है रिजल्ट
महिला वर्ग के मुकाबलों में पिन वेट वर्ग में जम्मू कश्मीर की रिया जैन ने बिहार की स्वाति को और असम की विशाखा ने हंसिका हरियाणा को हराया। लाइट फ्लाई वेट में चंडीगढ़ की सिमरन ने प्राची हरियाणा को, असम की काफी ने रिद्धिमा पंजाब को हराया। प्राइवेट वर्ग में हरियाणा की हिमानी ने अनिष्का पंजाब को हराया। बेंटम वेट वर्ग में राजस्थान की दिक्षता ने पंजाब की शिवा कौर को और हरियाणा की ज्योति ने दिल्ली की तमन्ना को हराया। लाइट वॉल्टर वेट में खुशी हरियाणा ने हिमानी मध्य प्रदेश को और वेल्टर वेट में नताशा असम ने पलक पंजाब को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।


