बैतूल के भैंसदेही में निजी स्कूल वैन हादसे के बाद क्षेत्र के विधायक महेंद्र सिंह चौहान बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों और परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान विधायक चौहान ने शासन और प्रशासन दोनों को आइना दिखाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक क्षेत्र की बात नहीं है, पूरे मध्यप्रदेश में कहीं न कहीं खामियां हैं। जितने भी अधिकारी वर्ग हैं, वे सिर्फ शहरी क्षेत्रों पर ध्यान देते हैं। ग्रामीण इलाकों की पूरी तरह उपेक्षा की जा रही है। विधायक ने आगे कहा कि अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूल ही चलते हैं, लेकिन तहसील और ब्लॉक स्तर पर कुछ निजी स्कूल भी हैं, जिन पर निगरानी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्कूलों पर कार्रवाई हो, इस पर हम शासन से बात करेंगे। व्यक्तिगत चर्चा भी करूंगा और पत्र भी लिखूंगा ताकि ग्रामीण स्कूलों में चल रहे निजी संस्थानों की मॉनिटरिंग बढ़े। फिलहाल विधायक ने मृतक बच्ची और घायलों के परिजनों को विधायक निधि से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं उनके इस बयान के बाद प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है। यह खबर पढें…
बैतूल में स्कूल वैन-तूफान वाहन की टक्कर
बैतूल में बुधवार सुबह भैंसदेही गुदगांव रोड पर गैस गोदाम के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। विद्या संस्कार पीठ की स्कूल वैन और तूफान वाहन (एमपी 06 पी 0902) के बीच हुई जोरदार टक्कर में 7 वर्षीय छात्रा हर्षिता पाटणकर पिता पवन की मौत हो गई। मृतक बच्ची स्कूल वैन चालक सोनू पाटणकर की भतीजी थी और हादसे के वक्त वह उसके पास की सीट पर बैठी थी। पूरी खबर पढ़ें


