शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती दो दिवसीय दौरे पर सिवनी पहुंचे:’द्वारकाधीश मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव’ की तैयारियों की बैठक ली, कार्यक्रम फरवरी में

गुजरात द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर सिवनी पहुंचे। उनके आगमन से पूरे जिले में उत्साह और भक्ति का माहौल है। शंकराचार्य का यह प्रवास सीलादेही स्थित आश्रम में होने वाले आगामी ‘द्वारकाधीश मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव’ की तैयारियों को लेकर बेहद खास माना जा रहा है। प्रवास के पहले दिन, 21 जनवरी को शंकराचार्य ने संतोष सहज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने महोत्सव की आयोजन समितियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और वैदिक शुद्धता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। दोपहर में उन्होंने महिलाओं की विशेष बैठक ली, जहां उनके सुझाव सुने और महोत्सव को समावेशी बनाने पर चर्चा की। इसके बाद वे नरेला में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। 22 जनवरी को शिष्यों के साथ अहम बैठक अपने प्रवास के दूसरे दिन यानी 22 जनवरी को सुबह 11 बजे शंकराचार्य अपने शिष्यों और श्रद्धालुओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी करेंगे। जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए सिवनी पहुंच रहे हैं। फरवरी में होगा राष्ट्रीय महोत्सव सीलादेही के शंकराचार्य आश्रम में 21 से 28 फरवरी तक द्वारकाधीश मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जाएगा। यह एक राष्ट्रीय स्तर का आयोजन होगा, जिसमें देश भर के संत-महात्मा और विद्वान शामिल होंगे। इस आठ दिवसीय महोत्सव में वैदिक अनुष्ठान, श्रीमद्भागवत कथा, विशाल धार्मिक मेला, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और भंडारे भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति इस महोत्सव को भव्य बनाने के लिए जनभागीदारी पर विशेष जोर दे रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *