जबलपुर, सीहोर, नर्मदापुरम, अनूपपुर समेत नौ अपर कलेक्टर होंगे रिटायर:कई जिले प्रभार के सहारे, राजस्व और प्रशासनिक कामों में कसावट के लिए करना होगी पोस्टिंग

प्रदेश के कई जिलों में प्रभार के सहारे चल रही अपर कलेक्टरों की व्यवस्था इस साल आधा दर्जन अपर कलेक्टरों के रिटायर होने के बाद और बिगड़ सकती है। इन हालातों में प्रशासनिक और राजस्व संबंधी कामों में कसावट के लिए राज्य सरकार को ऐसे जिलों में अपर कलेक्टरों की पोस्टिंग करना होगी। वर्ष 2026 में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में पदस्थ उपमुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय श्रीवास्तव समेत 9 अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारी रिटायर हो जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिकारियों की अधिवार्षिकी सूची के जरिए इस साल रिटायर होने वाले अफसरों की लिस्ट जारी की है। इस सूची में राज्य प्रशासनिक सेवा के डिप्टी कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और अपर कलेक्टर स्तर के 19 अफसरों के नाम शामिल हैं। सबसे अधिक तीन अधिकारी अगस्त में रिटायर होंगे। यहां गौरतलब है कि प्रदेश के कई जिलों में अपर कलेक्टर के पद रिक्त हैं। यहां सीईओ जिला पंचायत को ही अपर कलेक्टर की जिम्मेदारी शासन ने सौंप रखी है। ऐसे में राज्य प्रशासनिक सेवा के अपर कलेक्टर पद पर प्रमोट होने वाले अफसरों को भी नई जिम्मेदारी के लिए पदस्थापना का इंतजार है। ये अधिकारी होंगे इस साल रिटायर राज्य प्रशासनिक सेवा के जिन 19 अधिकारियों का रिटायरमेंट 2026 में होना है उनमें रीवा में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर गणेश प्रसाद अग्रवाल का नाम सबसे पहले है। अग्रवाल इसी माह रिटायर हो जाएंगे। इसके अलावा अपर कलेक्टर नर्मदापुरम राजीव रंजन पांडेय और अपर कलेक्टर नाथूराम गौड़ फरवरी में, संयुक्त कलेक्टर धार जगदीश मेहरा और संयुक्त कलेक्टर गुना महेश कुमार बमनहा मार्च में सेवानिवृत्त होंगे। सीहोर जिले के अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह अप्रैल में और अनूपपुर के अपर कलेक्टर मई में रिटायर हो जाएंगे। धुर्वे, वर्मा, जमील भी होंगे सेवानिवृत्त इसके साथ ही जून में महाप्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल मनोज कुमार वर्मा जून में, प्रताप सिंह धुर्वे उप संचालक पंचायत राज संचालनालय और राम प्रसाद वर्मा अपर कलेक्टर आगर मालवा जुलाई में सेवा निवृत्त होंगे। संयुक्त कलेक्टर सीहोर दिनेश सिंह तोमर और संयुक्त कलेक्टर नर्मदापुरम अनिल कुमार जैन तथा संयुक्त कलेक्टर सीहोर जमील खान अगस्त में रिटायर होने वाले हैं। सितम्बर में अपर कलेक्टर भिंड लक्ष्मीकांत पांडेय, अक्टूबर में उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय संजय कुमार श्रीवास्तव और संयुक्त कलेक्टर राजगढ़ वीरेंद्र सिंह दांगी व उपायुक्त राजस्व उज्जैन संभाग उज्जैन रणजीत कुमार नवम्बर में एवं रमेश चंद्र खतेड़िया संयुक्त कलेक्टर खंडवा व अखिलेश कुमार सिंह संयुक्त कलेक्टर रीवा दिसम्बर 2026 में सेवा निवृत्त होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *