राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में बुधवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नगर इकाई द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद के सेवा, त्याग और राष्ट्रनिर्माण के विचारों को समर्पित रहा। शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं मां सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित डॉ. गौरव त्रिपाठी एवं पंकज शर्मा ने कहा कि रक्तदान शिविर का आयोजन कर एबीवीपी समाजहित में सराहनीय कार्य कर रही है। परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्रहित के साथ-साथ राष्ट्रहित के लिए निरंतर संघर्षरत रही है और ऐसे आयोजनों से समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमन व्यास ने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित युवा सप्ताह के अंतर्गत यह शिविर लगाया गया, जिसमें लगभग 50 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा की। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रांत कार्यसमिति सदस्य चिराग शुक्ला ने कहा कि शिविर में छात्र-छात्राओं के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि युवाओं में सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी लगातार मजबूत हो रही है। ऐसे आयोजनों से समाज में सहयोग और संवेदना का भाव बढ़ता है। कार्यक्रम के अंत में नगर मंत्री भूपेंद्र गुर्जर ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों, अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। शिविर में सुबोध शर्मा, राजेंद्र विश्वकर्मा, आंचल सक्सेना, महेंद्र साहू, जीवन साहू, सुरेंद्र आनंद, सुमंत आयू, राजवीर, हर्षित, राहुल, तरुण, शिवांश, धनराज, मुस्कान वर्मा सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।


