फर्जी आर्म्स लाइसेंस का मास्टरमाइंड सरेंडर करने आने वाला था:भिंड पुलिस का पहरा देख नहीं पहुंचा; कोर्ट छावनी तब्दील हुआ

भिंड जिला न्यायालय परिसर बुधवार को पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। फर्जी आर्म्स लाइसेंस रैकेट का मास्टरमाइंड यहां सरेंडर करने आने वाला था। पुलिस को इसकी भनक लग गई और उसे गिरफ्तार करने के लिए सुबह से ही जाल बिछा दिया गया। हालांकि, पुलिस की सख्त घेराबंदी की खबर आरोपी तक पहुंच गई, जिसके चलते उसने सरेंडर का प्लान बदल दिया और कोर्ट नहीं पहुंचा। पुलिस शाम 5 बजे तक इंतजार करती रही, लेकिन अंत में खाली हाथ लौटना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के सरवन गांव का रहने वाला इस रैकेट का सरगना बुधवार दोपहर भिंड कोर्ट में हाजिर होने वाला था। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 6 थाना प्रभारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया। सुबह 9 बजे से ही न्यायालय परिसर और आसपास सादी और खाकी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। आरोपी को लग गई थी घेराबंदी की भनक पुलिस की मंशा थी कि आरोपी जैसे ही कोर्ट परिसर में कदम रखे, उसे तुरंत हिरासत में ले लिया जाए। दिनभर चले इस हाई अलर्ट के कारण कोर्ट में गहमागहमी रही। बताया जा रहा है कि आरोपी को इस बात की पक्की खबर मिल गई थी कि पुलिस पहले से घात लगाए बैठी है। इसी वजह से उसने अंतिम समय में न्यायालय में पेश होने का कार्यक्रम टाल दिया। शाम 5 बजे तक चला इंतजार शाम करीब 5 बजे तक पुलिस बल न्यायालय परिसर में मुस्तैद रहा, लेकिन आरोपी नहीं आया। पुलिस अब भी फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले के इस मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर इस बड़े फर्जीवाड़े का पूरा खुलासा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *