छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का रहने वाला एक आर्मी जवान लापता हो गया है। वह छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटने के लिए पंजाब रवाना हुआ था, लेकिन अपनी तैनाती स्थल तक नहीं पहुंचा। इस मामले में परिजनों सिहावा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, जवान का नाम सत्येंद्र शांडिल्य (30) है। जो कि ग्राम भीतररास का रहने वाला है। वह 21 दिसंबर अमृतसर एक्सप्रेस से अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए रवाना हुआ था। लेकिन 2-3 दिनों के बाद जवान निर्धारित समय पर जालंधर स्थित अपनी यूनिट में नहीं पहुंचा। इसके बाद सेना के अधिकारियों ने जवान के परिजनों को कॉल कर जानकारी दी कि जवान अभी तक यूनिट में नहीं पहुंचा। घबराए परिजन फौरन सिहावा थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवान के तलाश में जुट गई है। इस मामले में एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि जवान 21 दिसंबर को पंजाब के लिए रवाना हुआ था। लेकिन पनी तैनाती स्थल तक नहीं पहुंचा। परिजनों के रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उसकी लास्ट लोकेशन पंजाब में ट्रेस की गई है। हालांकि, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।


