इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल में 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं:उदयपुर, सिरसा, दिल्ली, कोटा की टीम निर्णायक दौर में पहुंची

हनुमानगढ़ में चल रही नॉर्थ वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल (मेन्स) चैंपियनशिप अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। बुधवार को हुए ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबलों के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय, जेआरएनआरवी यूनिवर्सिटी उदयपुर, सीडीएलयू सिरसा और यूनिवर्सिटी ऑफ कोटा ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को इन चारों टीमों के बीच रैंकिंग के लिए कड़े मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों के बाद शीर्ष तीन टीमें ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल (मेन्स) चैंपियनशिप के लिए चयनित होंगी। बुधवार को ग्रुप-ए में यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान, जयपुर और जेआरएनआरवी यूनिवर्सिटी, उदयपुर के बीच मुकाबला हुआ। उदयपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर को 4-0 से हराया। यह जयपुर की पहली हार थी, जिसने इससे पहले अजमेर, जींद और सोनीपत की यूनिवर्सिटियों को हराया था। ग्रुप-सी में सीडीएलयू सिरसा और एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। सिरसा की टीम ने रोहतक को 1-0 से मात दी। रोहतक ने अधिकांश समय तक मजबूत रक्षा पंक्ति बनाए रखी, लेकिन सिरसा ने अंतिम क्षणों में निर्णायक गोल दागकर जीत हासिल की। अन्य मुकाबलों में, ग्रुप-बी में यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली (साउथ मोती बाग) ने एसकेडी यूनिवर्सिटी को अंतिम मिनटों में 1-0 से हराया। वहीं, ग्रुप-सी के एक अन्य मैच में यूनिवर्सिटी ऑफ कोटा ने एमजीएस यूनिवर्सिटी बीकानेर को 4-0 से शिकस्त दी। बीकानेर की टीम पिछले दिन लगातार दो मुकाबले जीतने के बाद कई खिलाड़ियों के चोटिल होने से कमजोर नजर आई। बुधवार देर शाम यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली बनाम जेआरएनआरवी उदयपुर और यूनिवर्सिटी ऑफ कोटा बनाम सीडीएलयू सिरसा के बीच भी मुकाबले खेले गए। इनके परिणाम गुरुवार को घोषित किए जाएंगे। टूर्नामेंट में सिरसा, उदयपुर, दिल्ली और कोटा की टीमें लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *