भोपाल में दो अलग-अलग मामलों में शादीशुदा महिलाओं के फांसी लगाकर खुदकुशी करने की घटना सामने आई हैं। पहला मामला गोविंदपुरा का है, जहां 30 वर्षीय महिला ने बाथरूम में फांसी लगाई और मौके से मिले सुसाइड नोट में अपने पति को मौत का जिम्मेदार बताया। वहीं, दूसरा मामला छोला इलाके का है। यहां नौ महीने पहले शादी हुई नवविवाहिता ने फांसी लगाई। सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। पति के लौटकर न आने से तनाव में थी महिला
गोविंदपुरा पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय धनकेश्वरी सुदामा नगर में अपनी मां और भाइयों के साथ रहती थी। उसका एक बच्चा भी है। वर्ष 2020 में उसका पति चेन्नई चला गया और फिर वापस नहीं आया। इस घटना के बाद से धनकेश्वरी मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और अक्सर अकेले रहती थी। सोमवार की रात घर में सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान वह चुपचाप बाथरूम में गई और फांसी लगा ली। सुबह करीब 6 बजे जब घर के सदस्य उठे, तो उन्होंने धनकेश्वरी को फंदे पर लटका देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और टीम मौके पर पहुंची। सुसाइड नोट में पति को बताया मौत का जिम्मेदार
मौके की जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें धनकेश्वरी ने अपने पति को मौत का जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने बताया कि नोट में लिखा है कि पति के छोड़कर चले जाने के बाद से वह टूट चुकी थी और मानसिक रूप से यह सब सहन नहीं कर पा रही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम करवाया और सुसाइड नोट को जब्त कर हैंड राइटिंग की जांच कराने के लिए भेज दिया है। छोला मंदिर इलाके में नवविवाहिता ने फांसी लगाई
दूसरी घटना छोला मंदिर थाने के शिव नगर इलाके की है, जहां 20 साल की दीपा प्रजापति ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, दीपा की शादी करीब नौ महीने पहले हुई थी। उसके पति मनोहर डेयरी में काम करते हैं। घर में सास और देवर भी रहते हैं। घटना वाले दिन पति और सास काम पर चले गए थे। रात करीब आठ बजे दीपा ने देवर को मंदिर जाने को कहा, जिसके बाद देवर घर से निकल गया। कुछ देर बाद जब वह लौटा, तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया तो दीपा फंदे पर लटकी मिली। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। देवर की सूचना पर पति और पुलिस मौके पर पहुंचे। परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं, इसलिए आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है।


