रीवा पुलिस ने खुद को सोशल मीडिया पर ‘रीवा किंग’ बताने वाले 12 हजार के इनामी बदमाश विकास दुबे की हेकड़ी निकाल दी। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को समान थाना पुलिस ने आरोपी का थाने से लेकर कोर्ट तक पैदल जुलूस निकाला। जिस बदमाश की सोशल मीडिया पर दहशत थी, उसे पुलिस के घेरे में पैदल चलता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। गाड़ियों के काफिले के साथ बनाता था रील आरोपी विकास दुबे सोशल मीडिया पर खुद को ‘रीवा किंग’ बताकर रील और वीडियो पोस्ट करता था। वह महंगी गाड़ियों के काफिले के साथ घूमते हुए वीडियो डालकर इलाके में अपना खौफ कायम करने की कोशिश करता था। पुलिस के मुताबिक, उसका मकसद युवाओं को गलत तरीके से प्रभावित करना और समाज में दहशत फैलाना था। पुलिस ने आज उसका जुलूस निकालकर यह साफ कर दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। CSP बोले- गुंडागर्दी पर जीरो टॉलरेंस सीएसपी राजीव पाठक ने कहा, “गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ रीवा पुलिस की नीति जीरो टॉलरेंस की है। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों की जगह सिर्फ जेल में है।” पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य अपराधियों में हड़कंप मच गया है।


