सीहोर भोपाल रोड पर ग्राम पचामा के पास स्थित सत्य साई यूनिवर्सिटी पर बुधवार शाम राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने छापा मारा। इस कार्रवाई में वर्ष 2020 की पीटीआई भर्ती में इस्तेमाल की गईं 67 फर्जी डिग्रियां सामने आईं। राजस्थान SOG की टीम ने यूनिवर्सिटी के दफ्तर में सीधे दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच में खुलासा हुआ कि राजस्थान में 2020 की पीटीआई (शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक) भर्ती में शामिल 67 अभ्यर्थियों की डिग्रियां फर्जी पाई गई हैं। बैक डेट में तैयार की थीं डिग्रियां
केस की जांच कर रहे राजस्थान SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मेश्राम ने बताया कि सत्य साईं यूनिवर्सिटी द्वारा ये डिग्रियां बैक डेट में तैयार की गई थीं, जिनका उपयोग पीटीआई भर्ती में किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि यूनिवर्सिटी द्वारा दिए गए रिकॉर्ड और दस्तावेज आपस में मेल नहीं खा रहे थे। प्रबंधन ने सामान्य जांच बताया
यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने शुरुआत में इस जांच को सामान्य बताया था। यूनिवर्सिटी के मुकेश तिवारी और अंकित जोशी ने कहा था कि राजस्थान से कुछ विद्यार्थियों के दस्तावेजों के वेरिफिकेशन के लिए टीम आई है। उन्होंने इसे शिक्षा विभाग की टीम बताया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर सके कि मध्य प्रदेश स्थित यूनिवर्सिटी में राजस्थान की टीम किस उद्देश्य से जांच कर रही है। बाद में विश्वसनीय सूत्रों ने पुष्टि की कि यह राजस्थान SOG की टीम थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मेश्राम ने यह भी बताया कि राजस्थान सरकार ने कई बार यूनिवर्सिटी से इन डिग्रियों से संबंधित रिकॉर्ड मांगे थे, लेकिन यूनिवर्सिटी ने उन्हें उपलब्ध नहीं कराया था।


