भोपाल के अशोका गार्डन स्थित वार्ड-71 कार्यालय का बुधवार को मंत्री विश्वास सारंग ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड प्रभारी अमितोज सिंह ठाकुर गायब मिले। इस पर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर ही वार्ड प्रभारी पर कार्रवाई करने आदेश दिए। कुछ देर में निगम ने वार्ड प्रभारी ठाकुर को सस्पेंड कर दिया। जनता से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री सारंग बुधवार को अशोका गार्डन क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 71 के औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान वार्ड कार्यालय में वार्ड प्रभारी की अनुपस्थिति पाई गई। मौके पर पेंशन संबंधी कार्यों के लिए आए नागरिकों को वार्ड प्रभारी के नदारद रहने के कारण गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस पर मंत्री सारंग ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री सारंग के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त ने वार्ड प्रभारी ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मंत्री सारंग ने कहा कि जनसेवा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है। ताकि आम नागरिकों को समय पर और सुचारु रूप से सेवाएं मिल सकें। सभी कार्यालयों में अधिकारी मौजूद रहे
मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड कार्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। नागरिकों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।


