गौरेला क्षेत्र के ग्राम गुम्माटोला से एक ही परिवार की दो नाबालिग बहनें बीती देर रात करीब 1 बजे घर से लापता हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने दोनों के अपहरण का संदेह जताते हुए दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। पहली एफआईआर 5वीं में पढ़ने वाली छात्रा के लापता होने के संबंध में दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बड़ी बेटी अपनी बड़ी मां की बेटी के साथ सोई थी। मां ने रात में उसके लापता होने की सूचना दी। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया है। दूसरी एफआईआर 13 साल की बच्ची के लापता होने को लेकर दर्ज हुई है। वह बड़ी बहन के साथ सोई थी। उसके मौसिया भाई ने बताया कि पड़ोसियों से पूछने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। इस मामले में भी अपहरण का संदेह जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस दोनों मामलों की गहनता से जांच कर रही है और लापता नाबालिगों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया है।


