प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही पानी को तरस रहे:नेता प्रतिपक्ष:सत्यम नगर के 40–50 रहवासी पहुंचे निगम मुख्यालय, बोले—कई महीनों से न पानी, न सफाई

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में रहने वाले हितग्राही बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। नगर निगम रायपुर जोन-09 अंतर्गत पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के सत्यम नगर, कचना क्षेत्र में रहने वाले 40 से 50 रहवासी मंगलवार को रायपुर नगर निगम मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सदन पहुंचे और नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। रहवासियों ने बताया कि ब्लॉक 19 से 30 तक के करीब 870 परिवारों को पिछले कई महीनों से पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी में न तो नियमित रूप से कचरा उठ रहा है और न ही पर्याप्त पानी की सप्लाई हो पा रही है। लोगों का कहना है कि इलाके में सिर्फ दो बोर हैं, जो जरूरत के हिसाब से नाकाफी हैं। उन्होंने एक नया बोर करवाने की मांग की है। रहवासियों ने बताया कि गर्मी अभी शुरू भी नहीं हुई है और पानी की किल्लत ने हालात खराब कर दिए हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कुछ लोग मकान छोड़कर जाने को मजबूर हो रहे हैं। पानी को लेकर विवाद और झगड़े तक की नौबत आ रही है। रहवासियों ने कहा कि समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और समझ नहीं आ रहा कि समाधान कैसे होगा। जोन कमिश्नर को दिए तत्काल निर्देश मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने जोन-09 के कमिश्नर अंशुल शर्मा से फोन पर बात की और कॉलोनी में पानी, स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में रहवासियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आकाश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में रहने वाले लोग अगर पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भटक रहे हैं, तो यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान के लिए लगातार निगम प्रशासन से संपर्क में रहेंगे। ये रहे मौजूद रहवासियों के साथ श्रीनिवास राव, दुर्गा वर्मा, अमन साहू, सोनू साहू, रेवती साहू, कुंती, मीनाक्षी, उत्तरा, सुनीता, हिलायमती, डिगेश्वरी सहित अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान स्थानीय पार्षद शेख मुशीर भी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *