ग्वालियर में बुधवार रात 9 बजे एक युवक का शव नयागांव के पास रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला है। मृतक के सिर में दो घाव हैं। एक गोली आरपार हो गई है, जबकि दूसरी सिर में फंसी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया है। घटना स्थल से शराब, डिस्पोजल गिलास, नमकीन भी मिला है। आशंका है कि नशा पार्टी के दौरान विवाद के बाद गोली चली है। हालांकि पुलिस अफसरों का कहना है कि अभी पुलिस पूरी तरह जांच के बाद ही कुछ कह सकेगी। फिलहाल शव को निगरानी में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि थाना क्षेत्र के नया गांव रेलवे ट्रैक के पास एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली थी। जांच की तो पता चला कि पास ही बाइक पड़ी थी। सिर और पीठ में गोली लगी हुई हैं। इसका पता चलते ही पुलिस ने उसकी शिनाख्ती के प्रयास किए, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। फोरेंसिक जांच के लिए एक्सपर्ट कोक सिंह परिहार को भी बुला लिया गया था। फिलहाल पता नहीं चला है कि मृतक कौन है और उसे गोली मारने वाले कौन हैं। पुलिस पड़ताल में जुट गई है। यह है मृतक का हुलिया
पुलिस पड़ताल में पता चला है कि उसकी उम्र करीब 25 साल लगभग होगी। ब्लू जिंस, शर्ट और जैकेट पहनी हुई थी। उसकी जेब में उसकी पहचान का कोई दस्तावेज व मोबाइल नहीं मिला है। पुलिस को उसके पास से 140 रुपए मिले हैं। पास ही एक डिस्पोजल, शराबव नमकीन पड़ा मिला है। CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
घटना स्थल के आसपास कहीं भी कोई CCTV कैमरा नहीं है। पुलिस घटना स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है, जिससे पता चल सके कि मृतक अकेला है या उसके साथ कोई और आया था। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई फुटेज नहीं लगा है। जिले के साथ ही अन्य जिलों को सूचना
मृतक की शिनाख्ती के लिए अब पुलिस जिले के साथ ही अन्य जिलों को भी उसकी लाश मिलने की सूचना दी है। जिससे अगर उसकी कहीं गुमशुदगी होगी तो पहचान हो सके।


