छिंदवाड़ा के चौरई में वार्ड नंबर-1 में बुधवार दोपहर मंदिर निर्माण को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। वार्ड वासियों की भीड़ ने इंडेन गैस एजेंसी संचालक के घर और ऑफिस पर पथराव कर दिया। हमले में संचालक के पिता और एक अन्य परिजन घायल हो गए। घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित परिवार की सदस्य कुहू शुक्ला ने बताया कि उनके घर के सामने वर्षों पुराना काली माता मंदिर है। मंदिर और घर के बीच खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोग निर्माण की आड़ में कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसे लेकर तहसील कार्यालय में शिकायत की गई थी, जिसके बाद मंगलवार को पटवारी ने मौके पर जांच की। देखिए मारपीट की तस्वीरें पटवारी के जाते ही किया पथराव
आरोप है कि पटवारी के लौटते ही मोहल्ले के कुछ लोगों ने अचानक घर पर पथराव शुरू कर दिया। जब परिजनों ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अनीता वंशकार, सुखवाती यादव, राधा डोंगरे, पूजा डोंगरे, आकाश यादव, प्रताप ठाकुर, श्यामलाल नामदेव सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।


