मां वाग्देवी के दर्शन करने 6 लेयर से गुजरना होगा:धार में बसंत पंचमी पर हजारों पुलिसकर्मी रहेंगे; ड्रोन से होगी शहर की निगरानी

धार में बसंत पंचमी पर भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन करने के लिए 6 लेयर से होकर गुजरना होगा। 6461 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इनमें 933 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। 8 आरएएफ प्लाटून भी तैनात की गई हैं और अतिरिक्त बल की तैनाती अपेक्षित है। बीएनएस की धारा 163 के तहत अनेक प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए गए हैं। ड्रोन से शहर में जगह-जगह निगरानी की जाएगी। शुक्रवार, 23 जनवरी को बसंत पंचमी का पर्व मनाया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भोजशाला का 300 मीटर क्षेत्र नो-फ्लाई जोन
भोजशाला क्षेत्र में 300 मीटर की परिधि में नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दायरे में ड्रोन, यूएवी, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सार्वजनिक सड़कों और स्थलों पर भवन निर्माण सामग्री, मलबा, टायर और लावारिस गुमटियां रखने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। उल्लंघन की स्थिति में नगर पालिका द्वारा सामग्री जब्त की जाएगी। अब तक 52 बैठक की जा चुकीं
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए नागरिकों और विभिन्न समुदायों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। अब तक मोहल्ला समितियों की 31 और मुस्लिम समुदाय के साथ 21 बैठकें हो चुकी हैं। इसी क्रम में इंदौर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग सिंह ने भोजशाला परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, बैरिकेडिंग और फोर्स की तैनाती का जायजा लिया और अधिकारियों को सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने एक बार फिर नागरिकों से शांति, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील की। आईजी अनुराग एवं पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी पुलिस अमले के साथ भोजशाला पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। आईजी अनुराग ने अधिकारियों के साथ फोर्स की तैनाती, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सुरक्षा घेराबंदी की समीक्षा की। ड्रोन कैमरों और एआई से सर्चिंग
उन्होंने बताया कि इस बार ड्रोन कैमरों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडवांस टेक्नोलॉजी से निगरानी और सर्चिंग की जा रही है। भोजशाला की सुरक्षा को 6 लेयर में बांटा गया है और शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। आईजी अनुराग ने आमजन से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की और कहा कि आगामी आदेशों के अनुसार आगे की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीआरपीएफ आईजी नीतू भट्टाचार्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बसंत पंचमी के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क रहें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आयोजन के दिन सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहेंगी और लगातार गश्त की जाएगी। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बसंत पंचमी के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। महिलाओं ने अखंड हवन की मांग की
इधर भोजशाला में बसंत पंचमी पर सुबह से शाम तक अखंड हवन पूजन के लिए बुधवार को कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं लालबाग क्षेत्र से प्रारंभ होकर भोजशाला तक पहुंची। वह अपने हाथों में कलश लिए धार्मिक जयघोष करती हुई आगे बढ़ रही थीं। महिला पंकजा पांचाल ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक भोजशाला में अखंड हवन-पूजन की अनुमति की मांग को लेकर यह कलश यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा मातृ शक्ति मां वाग्देवी के केसरिया स्वरूप में सूर्योदय से सूर्यास्त तक भोजशाला में अखंड हवन-पूजन का आह्वान किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *