खेलो एमपी यूथ गेम्स के शुभारंभ को लेकर समीक्षा:टीटी नगर स्टेडियम में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता शुभारंभ समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी कड़ी में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार रात करीब 9 बजे टीटी नगर स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। देर रात हुए इस निरीक्षण में उन्होंने आयोजन स्थल की हर व्यवस्था को बारीकी से परखा और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर प्रदेश की खेल संस्कृति और युवाओं की ऊर्जा का प्रतीक होना चाहिए। आयोजन गरिमामय, सुव्यवस्थित और भव्य हो, ताकि प्रदेशभर से आने वाले खिलाड़ी और दर्शक सकारात्मक संदेश लेकर लौटें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलों की टीमें समारोह में सहभागिता करें और खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व अतिथियों के लिए जरूरी सुविधाएं समय रहते पूरी कर ली जाएँ। मंत्री ने प्रवेश व्यवस्था, मंच सज्जा, ध्वनि व प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन और दर्शक सुविधाओं की विशेष समीक्षा की। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। साथ ही, कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस आयोजन से जुड़ सकें। खिलाड़ियों की आवागमन, ठहराव, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे, ताकि खिलाड़ी पूरी तरह निश्चिंत होकर प्रतियोगिताओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। मंत्री ने स्पष्ट किया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करने की पहल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *