झांसी में भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव में मंडल अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की झड़ी लग गई है। पहले दिन झांसी और बबीना विधानसभा क्षेत्र के 12 मंडलों में से 7 पर नामांकन पत्र दाखिल हुए। मंडल अध्यक्ष के 7 पदों पर 121 दावेदारों ने आवेदन किया। वहीं, जिला प्रतिनिधि के लिए भी 41 दावेदारों ने ताल ठोक दी है। दावेदारों की संख्या ने पार्टी की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को 5 मंडलों में नामांकन हाेंगे। पार्टी सभी मंडलों में सहमति के आधार पर चुनाव कराने की तैयारी में है, लेकिन कुछ मंडलों में विरोध की संभावनाएं बढ़ने लगी हैं। शीर्ष नेतृत्व के सामने संकट की स्थिति भारतीय जनता पार्टी में संगठन के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। बूथ कमेटी का गठन करने के बाद अब मंडल कमेटी की चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। रविवार को महानगर के 12 में से 7 मंडलों में मंडल अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि पद के लिए नामांकन किए गए। यहां 121 सक्रिय कार्यकर्ताओं ने आवेदन कर घमासान के संकेत दे दिए हैं। चूंकि, पार्टी आपसी सहमति से चुनाव कराने की कोशिश में है, लेकिन अब थोक आवेदन आने से शीर्ष नेतृत्व के सामने भी संकट की स्थिति बन गई है। यहां कई ऐसे दावेदारों ने आवेदन कर दिए हैं, जिनका विरोध हो रहा है, जबकि इन कार्यकर्ताओं को बड़े नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। कार्यकर्ताओं में आशंका है कि बड़े नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त यह कार्यकर्ता पद लेने में सफलता पा सकते हैं, जबकि चुनावी नियमों में वह फिट नहीं बैठ रहे हैं। इन मंडलों में आज हुए नामांकन चिरगांव, बरुआसागर, शिवाजी नगर, शहर, सीपरी बाजार, बबीना ग्रामीण, सदर कैंट, बड़ागांव मंडल में आज चुनावी प्रक्रिया की गई, जबकि बाकी 5 मंडलों में 16 दिसंबर को दावेदारों से आवेदन लिए जाएंगे। नामांकन करने वाले दावेदारों से विड्रॉल फॉर्म भी भरवाए जा रहे हैं, ताकि मंडल अध्यक्ष का चयन करने के बाद अन्य दावेदारों का दावा खारिज किया जा सके। 5 मंडल में 10 महिलाओं ने ठोकी दावेदारी रविवार को 7 मंडलों में मंडल अध्यक्ष व जिला प्रतिनिधि पद के लिए नामांकन प्रक्रिया हुई। इसमें 5 मंडलों में 10 महिलाओं ने भी मंडल अध्यक्ष बनने की इच्छा जताई है। इसमें सबसे अधिक 3 महिलाओं ने बबीना ग्रामीण से दावेदारी की है, जबकि शहर, सदन कैंट में दो-दो तथा शिवाजी नगर, सीपरी व बरुआसागर में 1-1 महिला ने आवेदन किया है। चिरगांव में कोई महिला दावेदारी करने आगे नहीं आई है, तो बड़ागांव में एक महिला ने जिला प्रतिनिधि के लिए आवेदन किया है। शहर मंडल अध्यक्ष ने तीसरी बार ठोका दावा दो बार से शहर मंडल के अध्यक्ष पद पर काबिज अभिषेक जैन ने तीसरी बार दावेदारी कर दी है, जिसे लेकर अब हंगामा शुरू हो गया है। पहले से ही व्यवस्थाओं से लड़ रहे अमित बुधौलिया ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्होंने जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने लिखा कि भाजपा के कुछ बड़े चेहरे अभिषेक को शहर मंडल का तीसरी बार अध्यक्ष बनाने की फिराक में हैं। उन्होंने आवेदन भी कर दिया है, जबकि यह भाजपा के संविधान की धारा 21 के उल्लंघन है और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय भी है। पार्टी ने दो बार मंडल अध्यक्ष रहने वाले को तीसरी बार अवसर नहीं देने का नियम बनाया है, लेकिन इस नियम को तोड़ने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। उधर, एक और मंडल में दो बार के मंडल अध्यक्ष ने आवेदन कर दिया है, जिसे लेकर भी अंदर में नाराजगी चल रही है। सोमवार को नामांकन होंगे जिला सह चुनाव अधिकारी करुणेश बाजपेयी ने बताया कि “रविवार को 7 मंडल में चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई। यहां मंडल अध्यक्ष के लिए 121 तथा जिला प्रतिनिधि के लिए 41 आवेदन आए हैं। किसी मंडल में विरोध नहीं है। सोमवार को बाकी 5 मंडल में भी नामांकन प्रक्रिया की जाएगी।”