भास्कर न्यूज़ | लुधियाना शहर में अपराध पर लगाम कसने के लिए लुधियाना पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ घूम रहे बदमाशों और गैंग सदस्यों पर शिकंजा कसा है। इस दौरान पुलिस ने देसी कट्टे, पिस्तौल, रिवॉल्वर, किरपान, दातर और जिंदा राउंड समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद कर 30 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डिवीजन-1 थाना पुलिस ने लक्कड़ पुल के पास से बिट्टू कुमार को एक देसी कट्टा और दो राउंड के साथ काबू किया। डिवीजन-2 थाना पुलिस ने जनकपुरी इलाके से बिना नंबर की एक्टिवा पर घूम रहे सनी कुमार को एक पिस्तौल और दो राउंड के साथ गिरफ्तार किया। दुगरी थाना पुलिस ने 200 फुट रोड से अमनदीप सिंह और उसकी पत्नी सिमरन को एक पिस्तौल और दो जिंदा राउंड सहित पकड़ा। साहनेवाल थाना पुलिस ने दाना मंडी टिब्बा इलाके से उमेश कुमार को 12 बोर डबल बैरल गन के साथ गिरफ्तार किया। हैबोवाल थाना पुलिस ने बलोके रोड से रोहित कुमार को देसी कट्टे सहित काबू किया। इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नवीन नेगी, मनीष राय, राहुल कुमार, उमेश कुमार और सुखदीप सिंह को दाना मंडी टिब्बा के पास से गिरफ्तार कर दो किरपान बरामद की हैं। पीएयू थाना पुलिस ने बारनहाड़ा इलाके से जतिंदर कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ, लेकिन वह पुनीत बैंस और गोरु बच्चा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। डिवीजन-5 थाना पुलिस ने मंजीत नगर इलाके से पिंचू, रवि चौहान और रोहित खान को गिरफ्तार किया, जबकि संदीप कुमार और रविंदर सिंह फरार हैं। आरोपियों से तीन दातर और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। डिवीजन-8 थाना पुलिस ने लक्कड़ पुल के पास से पुरसारथ, पवन, बबलू, मनप्रीत, दीपांशु और अश्वनी को गिरफ्तार कर एक देसी कट्टा, दो खंडे, एक दातर और दो मोटरसाइकिल जब्त कीं। जमालपुर थाना पुलिस ने 100 फुटी रोड से गुरचरण सिंह, गुरप्रीत सिंह, अंग्रेज सिंह, विकास और चेतन को काबू कर एक रिवॉल्वर, दो जिंदा राउंड, लोहे की रॉड और दो लोहे के दातर बरामद किए। डिवीजन-7 थाना पुलिस ने केंद्रीय जेल के सामने से टोनी और परमिंदर सिंह को 12 बोर देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और पांच मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।


