सरायकेला| एजेसी चोड़ा के तत्वावधान कोलाबीरा के चोड़ा मैदान में आयोजित की गई क्षेत्र प्रसिद्ध फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच मारांग बुरू स्टोन और नुनाराम फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। जिसमें मारांग बुरू स्टोन की टीम विजेता बनी। जबकि नुनाराम फुटबॉल क्लब उपविजेता एवं एसजेकेएस सरकगजर टूर्नामेंट के तीसरे एवं सत्यम सपोर्टिंग चौथे स्थान पर रहा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने विजेता टीम को पुरस्कृत करते हुए उपस्थित खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल और विशेष कर फुटबॉल खेल के मामले में झारखंड सहित सरायकेला-खरसावां जिले की धरा काफी उर्वरा है। बेहतर मंच एवं सुविधाएं मिलने से यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान स्थापित करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हमेशा से उनका प्रयास रहा है कि क्षेत्र में युवा नशे की गंदी लत से दूर रहकर खेल और विशेष रूप से फुटबॉल खेल की ओर अग्रसर हो। और इस क्षेत्र में करियर की तलाश के लिए भी प्रयासरत रहे। उपविजेता टीम को प्रकाश महतो ने, तृतीय स्थान प्राप्त किया टीम को जूनियर नेशनल आर्चर गुरुचरण बेसरा ने एवं चौथे स्थान पर रहे टीम को देवाशीष हांसदा ने कप एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर माझी बाबा राजेश कुमार हांसदा, आयोजक कमेटी के अध्यक्ष नुनाराम हांसदा, सेक्रेटरी रतन मुर्मू, सुरेश हेंब्रम, राजू हांसदा, फोते किस्कू, इंटरनेशनल एथलीट प्रधान हांसदा, शंकर हांसदा, लालू हांसदा, बीकल हांसदा, दिकू हेंब्रम, बादल मुर्मू, लट्टू हेंब्रम, जगरनाथ हेंब्रम, बिरसा हेंब्रम, दुर्गा हांसदा आदि मौजूद थे।


