भास्कर न्यूज | बालोद डाक टिकट एवं डाक सामग्री के माध्यम से जैन धर्म के मूल सिद्धांतों, शाकाहार, अहिंसा एवं जीवदया के प्रचार-प्रसार के लिए वर्ष 2011 से कार्यरत राष्ट्रीय स्तर की संस्था जैनिज्म फिलेटलिक सोसाइटी द्वारा श्री कैवल्यधाम जैन श्वेतांबर तीर्थ कुम्हारी के प्रांगण में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आदिपेक्स 2026 का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में देश के 10 राज्यों से 60 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सम्मेलन के प्रथम दिवस डाक सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों, नवकार महामंत्र, तथा छत्तीसगढ़ के तीन प्रमुख जैन तीर्थ स्थलों श्री कैवल्यधाम जैन श्वेतांबर महातीर्थ कुम्हारी, उवसग्गहरम पार्श्व तीर्थ नगपुरा, श्री दिगंबर जैन चंद्रगिरी तीर्थ क्षेत्र डोंगरगढ़ पर आधारित विशेष आवरण एवं सचित्र पोस्टकार्ड भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी किए गए। भारत के डाक इतिहास में यह पहली बार हुआ, जब एक ही दिन में 28 डाक सामग्री को 28 अलग-अलग विरूपण सीलों के साथ प्रसारित किया गया। यह डाक विभाग और जैनिज्म फिलेटलिक सोसाइटी की एक अभूतपूर्व उपलब्धि मानी जा रही है। पोस्टकार्ड में दिगंबर एवं श्वेतांबर परंपरा के अनुसार 24 तीर्थंकरों के चित्र अंकित किए गए हैं। इस अवसर पर उप अधीक्षक डाक दुर्ग संभाग जयसिंह पारधी के साथ अन्य अधिकारी तथा तीर्थ क्षेत्र के प्रमुख ट्रस्टी उपस्थित रहे। तेजकरण जैन राजनांदगांव जनरल सेक्रेटरी मनोनीत सम्मेलन के द्वितीय सत्र में वर्तमान अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन (बालोद) द्वारा सोसाइटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें महावीर कुंदूर हुबली कर्नाटक को नेशनल चेयरमैन, तेजकरण जैन राजनांदगांव को जनरल सेक्रेटरी मनोनीत किया गया। निवृतमान अध्यक्ष को उनके 6 वर्षों के उत्कृष्ट कार्यकाल और उपलब्धियों के लिए जैन कीर्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। द्वितीय दिवस सभी अतिथियों को दुर्ग, राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ स्थित विभिन्न जैन तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए गए। इस आयोजन की सफलता में निवृतमान अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन, तेजकरण जैन, अतुल जैन एवं अंकित अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


