पदभार ग्रहण के 96 घंटे के भीतर चैनपुर थानेदार घूस लेते गिरफ्तार

रविवार को प्रभार मिला, बुधवार को एसीबी ने दबोचा थाना प्रभारी की कुर्सी संभालने के महज 96 घंटे के भीतर ही चैनपुर थानेदार शैलेश कुमार को एसीबी ने 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि थाना प्रभारी शैलेश कुमार और पूर्व थाना प्रभारी अशोक कुमार ने एक गरीब ग्रामीण से निजी घर के लिए ईंट पकाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित जयपाल नायक ने बताया कि वह बेहद गरीब है और घर के बाहर ईंट पकाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने उस पर पैसे देने का दबाव बनाया। रुपए नहीं देने पर बार-बार परेशान किया जाने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर जयपाल ने रांची स्थित एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने बुधवार दोपहर करीब 2.05 बजे जैसे ही थानेदार शैलेश कुमार ने 30 हजार रुपए की रिश्वत ली, टीम ने उनके आवास पर छापा मारकर उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। करीब 3.10 बजे एसीबी की टीम आरोपी थानेदार को अपने साथ रांची ले गई। इस दौरान टीम ने लगभग 15 मिनट तक उसके आवास की तलाशी ली। शैलेश कुमार ने रविवार को ही चैनपुर के 22वें थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया था। बता दें कि एसीबी ने हाल ही में चैनपुर प्रखंड कार्यालय में कार्रवाई करते हुए बड़ा बाबू सहनी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *