पठानकोट चौक पर गायों से भरा ट्रक पकड़ा, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा

भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर के पठानकोट चौक पर बुधवार रात उस समय भारी हंगामा हो गया जब हिंदू संगठनों के सदस्यों ने गायों से लदे एक ट्रक को रोक लिया। इस दौरान गौ रक्षकों और ट्रक चालक के बीच जमकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है। संयुक्त गऊ रक्षा दल के जिला प्रधान इंद्रजीत और शिवसेना नेता नरेंद्र ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में गायों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर शिव सैनिकों ने पठानकोट चौक के पास ट्रक को घेरा। पहले तो चालक ने ट्रक में कुछ भी होने से इनकार किया, लेकिन जब ट्रक का डाला खोला गया, तो उसके अंदर सात गाएं संदिग्ध हालत में लदी हुई मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना नंबर 8 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, ट्रक चालक ने मारपीट के बीच अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह कोई तस्करी नहीं कर रहा था। गायों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर वैध तरीके से ले जाया जा रहा था। एएसआई गुरमेल सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक द्वारा दिखाए गए दस्तावेजों व बिलों की गहनता से जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *