कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस की छवि को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 112 नंबर की पुलिस गाड़ी में ड्यूटी दे रहा एक कांस्टेबल पर कोचिंग छात्र को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्र पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और कोटा में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा है। पीड़ित छात्र ने बताया कि वह बेंचमार्क इलाके में अपने एक दोस्त के साथ दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पुलिस की 112 गाड़ी वहां पहुंची और बिना किसी ठोस कारण दोनों छात्रों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया गया। पुलिसकर्मियों ने आरोप लगाया कि वे गांजा पी रहे हैं। जब छात्रों ने इसका विरोध किया तो पुलिस गाड़ी में इधर-उधर घुमाते हुए उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। कोचिंग स्टूडेंट ने आरोप लगाया कि गाड़ी में मौजूद कांस्टेबल हरेंद्र ने पैसों की मांग की। डर के माहौल में 5000 हजार दिए। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों ने छात्र को शराब की दुकान से एक शराब की बोतल मंगवाने के लिए भी मजबूर किया। इसके बाद ही छात्र ने शराब की बोतल दुकान से लाकर दी और वहां ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर किए तब जाकर उसे छोड़ा गया। घटना से आहत छात्र ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस एसपी कार्यालय और कुन्हाड़ी थाने में दी है। फिलहाल कुन्हाड़ी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है, जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


