लुधियाना जिले के जगराओं में सरकार के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद दिख रहे हैं। बुधवार को दिनभर पुलिस की नाकेबंदी के बीच थाना सिटी से कुछ ही दूरी पर स्थित एक क्लिनिक में चोरी की वारदात हुई। बता दे कि रायकोट अड्डा के नजदीक गर्ग क्लिनिक में अज्ञात चोरों ने ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने क्लिनिक से करीब 10 हजार रुपए की नकदी और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चुरा लिया। यह घटना उस क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की 24 घंटे मौजूदगी का दावा किया जाता है। खिड़की का शीशा और ग्रिल टूटी दरअसल चोरी की यह वारदात सुबह उस समय सामने आई, जब एक परिचित ने क्लिनिक की खिड़की का शीशा और ग्रिल टूटी देखी। उन्होंने तुरंत क्लिनिक संचालक डॉ. रजिंदर गर्ग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर डॉ. गर्ग ने चोरी की पुष्टि की। इस घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल उनका कहना है कि अगर पुलिस नाके के साए तले चोरी हो सकती है, तो बाकी शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस आम जनता की तलाशी लेकर वाहवाही लूट रही है, जबकि अपराधियों पर कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। ऑपरेशन प्रहार जैसी सख्ती के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद रहना जगराओं की कानून-व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है। यह घटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है।


