देवली में पुराने अजमेर मार्ग के नेगड़िया से गुजर रही बनास नदी की पुलिया के पास एक भीषण सड़क हादसे में 16 साल के किशोर की मौत हो गई। जबकि उसके साथ बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। जिसमें से एक की हालत गंभीर है। देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह ने बताया- यह हादसा बनास नदी नेगड़िया पुलिया पर हुआ। जहां एक अज्ञात वाहन ने इन युवकों की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रामपुर (यूपी) निवासी बिलाल पुत्र उस्मान की मौत हो गई। वहीं आरिफ निवासी रामपुर और जावेद निवासी रामपुर घायल हो गए। सूचना पर देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक अस्पताल पहुंचे और घायलों से मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने निजी अस्पताल जाकर आरिफ से पूछताछ की तो उसने बताया कि किसी ट्रक के आकार के वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी है। तीनों लोग केकड़ी से वापस लौट रहे थे। पुलिस ने बताया-तीनों आरोपी पीओपी डिजाइन का काम करते थे। तीनों देवली के कोटा रोड एजेंसी मस्जिद वाली गली में रहते थे। पुलिस ने बताया-पुलिस को मौके से दो बाइक मिली हैं। मोर्च्युरी में बिलाल के शव को रखते समय उसकी गर्दन अलग हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


