बाइक पर जा रहे चचेरे मामा-भांजा को बस ड्राइवर ने कुचल दिया। टक्कर मारने के बाद भी ड्राइवर रुका नहीं और स्पीड में बस दोनों के ऊपर से निकाल दी। हादसा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से गुजर रहे नेशनल हाईवे 68 (बाड़मेर-बीकानेर) पर सुबह 11 बजे हो गई। एक्सीडेंट के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गए। मृतक हेमाराम (23) अपने चेचेरे मामा चंपालाल (23) के साथ आधार कार्ड अपडेट करवाने जा रहा था। इसी दौरान ये हादसा हो गया। रात में आया था मामा के यहां एएसआई राणाराम ने बताया कि मृतक हेमाराम स्टूडियो का काम करता है। धोरीमन्ना के केकड़ गांव में उसकी दुकान है। वहीं चचेरा मामा चंपालाल धोरीमन्ना के आकली गांव का रहने वाला है, जो बाड़मेर शहर में रहकर कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहा है। बाड़मेर के सिणधरी सर्किल के पास एक ई-मित्र पर आधार कार्ड में अपडेट के लिए हेमाराम को गुरुवार को जाना था। ऐसे में वह बुधवार रात को ही बाड़मेर आ गया और सिणधरी सर्किल स्थित चेचेरे मामा के रूम पर रुका था। सुबह 11 बजे दोनों मामा-भांजा आधार अपडेट के लिए निकले थे। इसी दौरान सिणधरी सर्किल से निकलते ही पीछे से स्पीड में आ रही बस ने दोनों को कुचल दिया। मामा उछलकर सड़क पर गिरा, भांजा के ऊपर से निकली बस इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें साफ नजर आ रहा है कि दोनों बाइक सवार रोड के किनारे चल रहे थे। बस ने साइड में से टक्कर मारी। जैसे ही टक्कर लगी चंपालाल उछलकर सड़क पर गिर गया। जबकि हेमाराम बस के नीचे आ गया। इसके बाद भी ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और हेमाराम के ऊपर से बस को निकाल दिया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां हेमाराम को मृत घोषित कर दिया। एक्सीडेंट के दौरान सड़क पर खून बिखर गया। इस पर स्थानीय लोगों ने मिट्टी डाल खून को साफ किया।


