अमृतसर के टिमोवाल इलाके के पास आज पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कपूरथला हत्या केस का लंबे समय से फरार आरोपी जसपाल उर्फ भट्टी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। बाद में पुलिस ने उसे काबू कर लिया। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। बॉर्डर रेंज के डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि घायल आरोपी जसपाल उर्फ भट्टी जिला होशियारपुर का रहने वाला है। उस पर करीब एक साल पहले कपूरथला में हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद से वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी डीआईजी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अमृतसर देहाती क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी की और संदिग्ध को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में लगी गोली पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान जसपाल उर्फ भट्टी की टांग में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक आरोपी की हालत स्थिर है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाइना मेड पिस्टल भी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन प्रहार आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। आरोपी से पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है।


