थानागाजी नगर पालिका क्षेत्र के भाग डोली वार्ड नंबर 9 स्थित बंजारा बस्ती के पास प्रस्तावित डंपिंग यार्ड और एफएसटीपी (FSTP) प्लांट के विरोध में ग्रामीणों एवं सत्यार्थी मूवमेंट फॉर ग्लोबल कंपैशन से जुड़े लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस संबंध में बाल आश्रम से रोशनी शर्मा और भाग डोली से निवर्तमान पार्षद राकेश शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सचिवालय में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि बाल आश्रम द्वारा संचालित बंजारा शिक्षण केंद्र से महज 30 मीटर की दूरी पर एफएसटीपी प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। उसी क्षेत्र में डंपिंग यार्ड प्रस्तावित है। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी, बल्कि जल और वायु प्रदूषण के कारण गंभीर स्वास्थ्य जोखिम भी उत्पन्न होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि कचरे का ढेर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सौहार्द—तीनों के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। उन्होंने डंपिंग यार्ड और एफएसटीपी प्लांट को तत्काल बस्ती से दूर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।


