उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को ग्वालियर में बहुप्रतीक्षित जियो साइंस म्यूजियम पर्यटकों को समर्पित किया। इस दौरान उपराष्ट्रपति के साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल, सीएम डॉ. मोहन यादव, विस स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने महाराज बाड़ा की खूबसूरती को निहारा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गाइड के रूप में नजर आए। इसके बाद सिंधिया उन्हें जयविलास पैलेस ले गए। यहां उन्होंने दरबार हॉल में लगे एशिया के सबसे बड़े झूमर देखे। सिंधिया ने बताया कि ये दोनों झूमर सवा सौ साल पहले लगवाए गए थे। हर झूमर का वजन साढ़े तीन टन है। इन्हें लगाने से पहले छत की मजबूती की जांच करने के लिए 8 हाथियों को छत पर चढ़ाया गया था। यह प्रक्रिया दस दिन तक चली। तानसेन की नगरी में संगीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऐतिहासिक ग्वालियर दुर्ग रविवार की शाम संगीत के सुरों से गूंज उठा। तानसेन समारोह के शुभारंभ से पहले प्रदेशभर के 536 कलाकारों ने 9 वाद्ययंत्रों पर सामूहिक प्रस्तुति देकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। 9 मिनट की प्रस्तुति में तबला, बांसुरी, वायलिन, सितार, हारमोनियम, सरोद, सारंगी, संतूर व सितार-बैंजो का तालमेल दिखा।


